Siwan News: जिले में पछुआ हवा के झोंकों ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले दो दिनों से सूरज भगवान जी के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं। तो वहीं दूसरी तरफ गलन इतनी बढ़ गई है कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने आज यानी 25 दिसंबर को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है, जिसमें सिवान को ‘कोल्ड डे’ (Cold Day) घोषित किया गया है।
पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड
सिवान के सभी 19 प्रखंडों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थानीय भाषा में कहें तो “देहन झनझना देने वाली” ठंड ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। पछुआ हवा की रफ्तार ने न्यूनतम तापमान को सीधे 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे कर दिया है। सुबह के वक्त Visibility इतनी कम हो जा रही है कि 10 फीट की दूरी पर भी कुछ नजर नहीं आ रहा। एनएच और मुख्य सड़कों पर गाड़ियाँ रेंगती हुई चल रही हैं।
ये भी पढ़े: बिहार सरकार का सिवान को तोहफा, इन प्रखंडों में बनेंगे मॉडल स्कूल, बच्चों को मिलेगी ये सुविधा
सिवान के किसान पर ठंड की मार
चट्टी-चौराहों पर होने वाली सुबह की चर्चा अब अलाव (घूर) के इर्द-गिर्द सिमट गई है। किसान भाइयों के लिए यह मौसम दोहरी चुनौती लेकर आया है। एक तरफ जहाँ गेहूँ की फसल के लिए यह ओस और ठंड फायदेमंद मानी जा रही है, तो वहीं दूसरी तरफ जो किसान सब्जी की खेती जैसे- आलू और टमाटर उगा रहे हैं, उन्हें पाला लगने का डर सताने लगा है। जीरादेई के एक किसान ने बताया, “अइसन जाड़ तऽ पहिले ना रहे, आलू के फसल बचावे के भारी चिंता बा।”
बढ़ सकती है स्कूलों की छुट्टी
ठंड का सीधा असर सिवान के बाजारों पर भी दिख रहा है। शाम होते ही जेपी चौक और अस्पताल रोड जैसे व्यस्त इलाकों में सन्नाटा पसर जा रहा है। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए बच्चों के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। छोटे बच्चों के लिए कई स्कूलों को फिलहाल बंद रखने या ऑनलाइन क्लास चलाने का सुझाव दिया गया है। डॉक्टरों ने भी सलाह दी है कि बुजुर्ग और बच्चे सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें, क्योंकि यह मौसम ‘ब्रेन स्ट्रोक’ और हृदय रोगियों के लिए काफी खतरनाक हो सकता है। अगर ठंड ऐसे ही पड़ती रही तो स्कूलों की छुट्टी बढ़ सकती है।
क्या है प्रशासन की तैयारी
बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने नगर परिषद क्षेत्र में प्रमुख जगहों पर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन के इंतजाम अभी भी नाकाफी हैं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर रात गुजारने वाले यात्रियों के लिए रैन बसेरों को दुरुस्त किया गया है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में लोग अभी भी अपने स्तर पर ही लकड़ी और ‘गोइठा’ जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों तक राहत के कोई आसार नहीं हैं। कोहरा और घना हो सकता है।