SIP 2026: बेटी की शादी हो, बच्चों की पढ़ाई या फिर रिटायरमेंट की प्लानिंग… एक सवाल मन में बना रहता है कि उस वक्त पैसा पूरा होगा या नहीं. ऐसे में अगर आज से ही सही तरीके से निवेश शुरू कर दिया जाए, तो भविष्य में पैसों की परेशानी काफी हद तक दूर हो सकती है या खत्म भी.
अपनी कमाई का थोड़ा-सा हिस्सा रेगुलर इंटरवल पर इंवेस्ट करने से आने वाला कल ज्यादा सेफ बनाया जा सकता है. यही वजह है कि जो लोग शेयर बाजार की रोज की झंझट से दूर रहना चाहते हैं, उनके लिए म्यूचुअल फंड में SIP के जरिये निवेश अच्छा ऑप्शन बन सकता है. सवाल है SIP क्या है? म्यूचुअल फंड क्या है? तो चलिए इस आर्टिकल में समझते हैं पूरा फंडा.
क्या है SIP?
SIP यानी Systematic Investment Plan. आसान भाषा में समझें तो ये निवेश का एक ऐसा तरीका है, जिसमें आप हर महीने या तय समय पर एक फिक्स अमाउंट इंवेस्ट करते हैं. SIP कोई रातों-रात अमीर बनाने वाली स्कीम नहीं है. इसका फायदा धीरे-धीरे मिलता है.
SIP और Mutual Fund का कनेक्शन

SIP खुद कोई निवेश नहीं है. दरअसल SIP म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने का तरीका है. म्यूचुअल फंड वो जगह है जहां आपका पैसा निवेश होता है, और SIP वो रास्ता है जिससे आप उस म्यूचुअल फंड तक पहुंचते हैं. जब आप हर महीने किसी फंड में एक फिक्स अमाउंट डालते हैं, तो उसी प्रोसेस को SIP कहा जाता है.
NAV क्या होता है?
जब भी आप SIP के जरिये म्यूचुअल फंड में पैसा लगाते हैं, तो आपको उस फंड के कुछ यूनिट्स मिलते हैं. जिसे NAV यानी Net Asset Value कहते हैं. ये वैल्यू हर दिन चेंज होती है.
जिस दिन आप SIP के लिए पेमेंट करते हैं, अगर उस दिन NAV कम होती है, तो आपको ज्यादा यूनिट मिलते हैं. अगर NAV ज्यादा होती है, तो कम यूनिट मिलते हैं. लंबे समय में अलग-अलग कीमत पर यूनिट खरीदने से आपकी रिटर्न बैलेंस हो जाता है और पैसे डूबने का कोई डर नहीं रहता.
कंपाउंडिंग से बढ़ता है पैसा
SIP निवेश करने पर सबसे बड़ा फायदा कंपाउंडिंग का होता है. शुरुआत में रिटर्न स्लो होता है लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है, पैसा तेजी से बढ़ने लगता है. क्योंकि ब्याज पर ब्याज मिलता है, इसके कहते हैं कंपाउंडिंग.
ध्यान रखें, जितने लंबे समय तक आप SIP करते रहते हैं, उतना ही ज्यादा कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है. यही वजह है कि SIP को हमेशा लंबे समय के लिए बेहतर मानी जाती है.
रुपए-कॉस्ट एवरेजिंग का फायदा
SIP का एक और बड़ा फायदा रुपए-कॉस्ट एवरेजिंग है. आप हर महीने निवेश करते हैं, चाहे शेयर बाजार अप हो या डाउन. जब बाजार महंगा होता है, तो कम यूनिट मिलती हैं और जब बाजार गिरा होता है, तो ज्यादा यूनिट मिल जाती हैं. समय के साथ ये उतार-चढ़ाव अपने आप बैलेंस हो जाता है. इससे बाजार की अस्थिरता का असर आपके निवेश पर कम पड़ता है.
छोटी रकम, बड़ा फायदा
SIP की खास बात ये है कि ये आपकी जेब पर ज्यादा बोझ नहीं डालती. आप बहुत कम पैसों से भी शुरुआत कर सकते हैं. लंबे समय तक की गई छोटी-छोटी निवेश राशि मिलकर बड़ा फंड बना सकती है. आप ₹100 से भी SIP शुरू कर सकते हैं. यानी बहुत ज्यादा पैसों की जरूरत नहीं है.
SIP उन लोगों के लिए है जो रोज शेयर बाजार के अपडेट्स का ध्यान नहीं रख पाते, पर मजबूत फाइनेंशियल प्लान बनाना चाहते हैं. निवेश आसान है, इसलिए अगर आप आज छोटी शुरुआत करते हैं, तो आने वाला कल कहीं ज्यादा सेफ हो सकता है.