Delhi Flood Alert: दिल्ली में बाढ़ का क़हर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा ख़बरों में बताया गया है कि यमुना में जल स्तर ‘खतरनाक’ निशान के बहुत पास पहुंच चुका है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कल तक जल स्तर ‘खतरनाक’ निशान को पार कर सकता है। इसी बीच IMD ने कहा है कि दिल्ली एनसीआर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू और कश्मीर जैसे उत्तरी राज्यों में भारी बारिश जारी रहेगी।
आपको बता दें कि लगातार बारिश के कारण, हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज से नदी पानी छोड़ दिया। ऐसे में दिल्ली में यमुना चेतावनी के निशान के करीब पहुंच गई है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर 1 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर जल स्तर 203.18 मीटर से बढ़कर सोमवार सुबह 10 बजे 203.58 मीटर आ गया। बता दें, चेतावनी स्तर 204.5 मीटर है।
रविवार शाम को बढ़ती परेशानियों के बीच दिल्ली सरकार एक्शन में आ गई। प्रदेश में बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी गई है। यमुना नदी के किनारे वाले इलाकों को ख़ाली कर दिया गया है। आपको बता दें कि प्रदेश सरकार ने पूरे मामले की निगरानी रखने के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के साथ 16 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।
Delhi Flood Alert: कैसा है मौसम का हाल?
रिपोर्ट्स की माने तो, पिछले तीन दिनों से उत्तर पश्चिम भारत में नॉन स्टॉप बारिश हो रही है। इस बीच जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में “भारी से बहुत ज्यादा” बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बढ़ती बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही भूस्खलन और बाढ़ की चेतावनी दी गई है।
दूसरी तरफ राजधानी दिल्ली में भी बाढ़ की चेतावनी दी गई है। राज्य सरकार हरकत में आ गई है और ये सुनिश्चित किया जा रहा है कि जान-माल का कोई नुकसान न हो।